बहुविकल्पीय प्रश्न
प्रश्न 1. राज्य को, 6-14 वर्ष के सभी बच्चों को निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का अधिकार भारतीय संविधान के किस अनुच्छेद से प्राप्त होता है?
(a) अनुच्छेद 19 (A)
(b) अनुच्छेद 20 (A)
(c) अनुच्छेद 21 (A)
(d) अनुच्छेद 29 (A)
उत्तर: (c) : संविधान (86 वा संशोधन) अधिनियम, 2002 ने भारत के संविधान में अनुच्छेद 21A को शामिल किया ताकि 6 से 14 वर्ष की आयु के सभी बच्चों को मौलिक अधिकार के रूप में मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा प्रदान की जा सके।
प्रश्न 2. प्राथमिक स्तर पर मातृ भाषा में शिक्षा उपलब्ध कराने का दायित्व राज्य का है, किस अनुच्छेद में उल्लेख है?
(a) अनुच्छेद 21 (A)
(b) अनुच्छेद 350
(c) अनुच्छेद 350 (A)
(d) अनुच्छेद 45
उत्तर: (c) : प्राथमिक स्तर पर मातृ भाषा में शिक्षा उपलब्ध कराने का दायित्व राज्य का है, यह अनुच्छेद 350(A) के अन्तर्गत उल्लेख किया गया है।
प्रश्न 3. बाल अधिकार का प्रस्ताव पारित किया-
(a) यूनेस्को
(b) संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO)
(c) भारत सरकार
(d) उ. प्र. सरकार।
उत्तर: (b) : बाल अधिकार का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) द्वारा पारित किया गया है।
प्रश्न 4. भारतीय संविधान में शिक्षा विषय है-
(a) संघ सूची का
(b) राज्य सूची का
(c) समवर्ती सूची का
(d) स्वतन्त्रता विषय है।
उत्तर: (c) : संविधान की अनुसूची VII के तहत, विषय, शिक्षा समवर्ती सूची के अन्तर्गत आता है।
प्रश्न 5. वुड घोषणा पत्र किस वर्ष भेजा गया?
(a) 1852
(b) 1851
(c) 1853
(d) 1854
उत्तर: (d) : 1854 में, चार्ल्स वुड ने भारत के गवर्नर जनरल लॉर्ड डलहौजी को एक प्रेषण भेजा था। इस प्रेषण में भारत के प्राथमिक विद्यालयों में स्थानीय भाषाओं को शुरू करने का सुझाव था।
प्रश्न 6. 1982 के पहले शिक्षा आयोग की अध्यक्षता किसने की?
(a) वुड
(b) मैकाले
(c) कोठारी
(d) हण्टर।
उत्तर: (c) : 1982 के पहले शिक्षा आयोग की अध्यक्षता कोठारी आयोग ने की।
प्रश्न 7. अध्यापक शिक्षा हेतु नियामक संस्था है-
(a) СТЕ
(b) NCTE
(c) MHRD
(d) NCERT
उत्तर: (b) : राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद् (NCTE) भारत सरकार की एक संस्था है, जिसकी स्थापना राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद् अधिनियम 1993 के अन्तर्गत 17 अगस्त, 1995 में की गई थी।
प्रश्न 8. बेसिक शिक्षा अधिनियम पारित हुआ-
(a) 1974
(b) 1972
(c) 1985
(d) 1980
उत्तर: (b) : उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा अधिनियम, 1972 में पारित किया।
प्रश्न 9. किस योजना का शुभारम्भ 15 अगस्त, 1995 से किया गया?
(a) सर्व शिक्षा अभियान
(b) पोषाहार वितरण योजना
(c) राष्ट्रीय साक्षरता मिशन
(d) डी.पी.ई.पी.
उत्तर: (b) : पोषाहार वितरण योजना का शुभारम्भ 15 अगस्त, 1995 से किया गया।
प्रश्न 10. मध्याह्न भोजन योजना का उद्देश्य है-
(a) बच्चों के नामांकन में वृद्धि करना
(b) बच्चों को विद्यालय में पूरे समय तक रोके रखना
(c) स्कूल आने के लिए प्रेरित करना
(d) उपर्युक्त सभी।
उत्तर: (d) : मध्याह्न भोजन योजना का उद्देश्य
- जब बच्चों को विद्यालय में पौष्टिक भोजन मिलता है, तो नामांकन में वृद्धि होती है।
- जब बच्चों को विद्यालय में भोजन मिलता है, तो वे पूरे समय तक विद्यालय में रूके रहते हैं।
- जब बच्चों को विद्यालय में भोजन मिलता है तो वे विद्यालय आने के लिए प्रेरित होते हैं।
प्रश्न 11. सभी को शिक्षा उपलब्ध कराने से सम्बन्धित है-
(a) ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड
(b) नवोदय विद्यालय
(c) जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान
(d) उपर्युक्त सभी।
उत्तर: (d) : उपर्युक्त सभी विकल्पों का उद्देश्य सभी को शिक्षा उपलब्ध कराना है।
प्रश्न 12. कस्तूरबा गाँधी विद्यालय योजना का क्षेत्र है-
(a) शहरी
(b) नगरीय
(c) ग्रामीण
(d) मेट्रो।
उत्तर: (c) : कस्तूरबा गाँधी विद्यालय आवासीय योजना के तहत ग्रामीण बालिकाओं को 12 वीं कक्षा तक की शिक्षा प्रदान की जा रही है
प्रश्न 13. BEP क्या है?
(a) बेसिक शिक्षा परियोजना
(b) जिला प्राथमिक शिक्षा कार्यक्रम
(c) विद्यालय शिक्षा की तैयारी कार्यक्रम
(d) इनमें से कोई नहीं।
उत्तर: (a) : बेसिक शिक्षा परियोजना (BEP) का संचालन राज्यों द्वारा किया गया जाता है। यह परियोजना 14 वर्ष तक के सभी बालकों को अनिवार्य शिक्षा प्रदान करने के लिए आयोजित की गई है।
प्रश्न 14. 'शिमला शिक्षा सम्मेलन (1901)' का आयोजन किया गया-
(a) लॉर्ड ऑकलैण्ड द्वारा
(b) लॉर्ड रिपन द्वारा
(c) लॉर्ड कर्जन द्वारा
(d) लॉर्ड विलियम बैंटिक द्वारा
उत्तर: (c) : लार्ड कर्जन ने सितम्बर 1901 में शिमला में एक शिक्षा सम्मेलन का आयोजन किया जिसे शिमला शिक्षा सम्मेलन के नाम से जाना जाता है।
प्रश्न 15. भारत में आधुनिक शिक्षा का जन्मदाता किसे माना जाता है?
(a) चार्ल्स ग्राण्ट
(b) क्लाइव
(c) बैंटिक
(d) कार्नवालिस।
उत्तर: (c) : भारत में आधुनिक शिक्षा का जन्मदाता लार्ड विलियम बैंटिक को माना जाता है।
अति लघु उत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 16. बाल अधिकार कब और किसने निर्धारित किया?
उत्तर: संयुक्त राष्ट्र प्रोटोकाल पर हस्ताक्षर के बाद 2005 में संसद में बाल अधिकार संरक्षण आयोग बिल पेश किया गया जो 2006 में पारित होकर कानून बन गया। इस अधिनियम की धारा तीन के अन्तर्गत मार्च 2007 में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग का गठन एक संवैधानिक संस्था के रूप में हुआ।
प्रश्न 17. वुड घोषणा-पत्र के 2 गुण बताएँ।
उत्तर: वुड घोषणा-पत्र के गुण इस प्रकार हैं -
- घोषणा-पत्र ने भारतीय शिक्षा के उद्देश्यों को सुनिश्चित करके उसकी दिशा निर्धारित की
- ईस्ट-इण्डिया कम्पनी को जन शिक्षा प्रसार हेतु जबावदेही (Accountable) ठहरा दिया।
- घोषणा-पत्र में शिक्षा के सभी व्यापक आयामों का सुव्यवस्थित स्वरूप सामने आया।
- योग्य, प्रशिक्षित तथा उत्तम वेतन एवं सुविधाओं से सुसज्जित शिक्षकों हेतु साधारण स्कूलों की स्थापना पर बल दिया गया।
- घोषणा-पत्र में सर्वप्रथम क्रमबद्ध स्कूलों, व्यावसायिक शिक्षा, स्त्री शिक्षा तथा जन प्रसार शिक्षा की सिफारिश की गई।
प्रश्न 18. कोठारी आयोग की नियुक्ति के 2 प्रमुख उद्देश्य बताएँ
उत्तर: कोठारी आयोग की नियुक्ति के दो प्रमुख उद्देश्य -
- तत्कालीन भारतीय शिक्षा प्रणाली का अध्ययन कर उसके प्रति व्याप्त असन्तोष के कारणों का पता लगाकर उसमें सुधार के लिए सुझाव देना।
- शिक्षा के राष्ट्रीय स्वरूप व शिक्षा के समस्त स्तरों के सम्बन्ध में सिद्धान्त व नीतियां बनाना।
प्रश्न 19. यशपाल समिति के कुल कितने खण्ड हैं?
उत्तर: यशपाल समिति के कुल 8 खण्ड हैं
प्रश्न 20. पोषाहार वितरण योजना के 2 उद्देश्य लिखें।
उत्तर: पोषाहार वितरण योजना के दो उद्देश्य -
- गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं में कुपोषण के बारे में जागरुकता पैदा करना और उन्हें दूर करना।
- छोटे बच्चे, किशोरियों और महिलाओं में एनिमिया के मामले को कम करना।
प्रश्न 21. सर्व शिक्षा अभियान की दो विशेषताएँ बताइए
उत्तर: सर्व शिक्षा अभियान की दो विशेषताएँ -
- बच्चों को बुनियादी शिक्षा प्रदान करके सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना।
- बुनियादी शिक्षा प्राप्त करने के लिए वातावरण को अनुकूल और सुलभ बनाना।
प्रश्न 22. हण्टर ने मुस्लिम शिक्षा के लिए क्या सुझाव दिए?
उत्तर: हण्टर ने मुस्लिम शिक्षा के लिए निम्न सुझाव दिए -
- धार्मिक शिक्षा को प्रोत्साहन न दिया जाय।
- बालिकाओं के लिए सरल पाठ्यक्रम व निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था हो।
- अनुदान सहायता छात्र-शिक्षक की संख्या व आवश्यकता के अनुपात में दिया जाए।
- देशी शिक्षा के पाठ्यक्रम में परिवर्तन न करके पूर्ववत् चलने दिया जाए।
प्रश्न 23. डी.पी.ई.पी. परियोजना के दो कार्य लिखें।
उत्तर: डी.पी.ई.पी. परियोजना के कार्य
- इसके कार्य के अन्तर्गत औपचारिक प्राथमिक विद्यालयों या वैकल्पिक तरीकों के माध्यम से प्राथमिक शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाना है।
- प्राथमिक शिक्षा का विस्तार, विद्यालय में बच्चों के ठहराव से है।
प्रश्न 24. भारत में ईस्ट इण्डिया कम्पनी का प्रवेश कब हुआ था?
उत्तर: भारत में ईस्ट इण्डिया कम्पनी का प्रवेश 1608 में हुआ था। 1608 में कैप्टन विलियम हॉकिंग ने भारत के सूरत बंदरगाह पर अपने जहाज हेक्टर को लाने के साथ ही ईस्ट इंडिया कंम्पनी के आने का एलान कर दिया था।
प्रश्न 25. मिशनरी स्कूलों की दो विशेषताएँ बताइए।
उत्तर: मिशनरी स्कूलों की विशेषताएँ
- इसमें सभी छात्रों को अंग्रेजी पढ़ना अनिवार्य था।
- इसमें ईसाई धर्म की शिक्षा अनिवार्य रूप से दी जाती थी
- विद्यालय का समय निश्चित रहता था।
- बालकों को पुस्तक एवं लेखन सामग्री निःशुल्क प्रदान की जाती थी।
प्रश्न 26. कलकत्ता मदरसा की स्थापना किसने की?
उत्तर: कलकत्ता मदरसा की स्थापना 1781 में जोनाथन डंकन ने मुस्लिम कानून और संबंधित विषयों के अध्ययन करने के लिए की थी।
प्रश्न 27. धार्मिक शिक्षा के सन्दर्भ में हण्टर आयोग के मुख्य सुझाव बताइए।
उत्तर: हंटर आयोग, जिसे आधिकारिक तौर पर भारतीय शिक्षा आयोग के नाम से जाना जाता है, इसे सर विलियम हंटर ने 1882 में तैयार किया था, इस आयोग में ब्रिटिश और भारतीय दोनों के कई प्रतिष्ठित सदस्य शामिल थे, इसका मकसद भारत में शिक्षा की स्थिति की व्यापक जाँच करना था, इस आयोग ने उचित बुनियादी ढाँचे का विकास, प्राथमिक शिक्षा में सुधार और धार्मिक तटस्थता की नीति अपनाकर भारतीय शिक्षा प्रणाली में सुधार करने का प्रयास किया। इस आयोग की सिफारिशों के तहत, पंजाब विश्वविद्यालय (1882) और इलाहाबाद विश्वविद्यालय (1887) की स्थापना हुई।
धार्मिक शिक्षा के सन्दर्भ में हंटर आयोग के सुझाव निम्न हैं
- सरकार कोई भी विद्यालय चलाये, जिनमें धर्म की शिक्षा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
- धार्मिक तटस्थता की नीति को बनाये रखने के लिए सरकारी शिक्षण संस्थानों को धार्मिक शिक्षा देने से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
प्रश्न 28. किस वर्ग की शिक्षा में छनाई का सिद्धान्त लागू किया गया था?
उत्तर: उच्च वर्ग की शिक्षा में छनाई का सिद्धान्त लागू किया गया था। 'छनाई का सिद्धान्त' का प्रतिपादन लार्ड मैकाले के द्वारा किया गया था। इस सिद्धान्त का तात्पर्य कुछ लोगों को शिक्षा देना ताकि वे अन्य जन-साधारण को शिक्षित कर सकें।
प्रश्न 29. नवीन शिक्षा नीति के दो दोष बताइए।
उत्तर: नवीन शिक्षा नीति के दोष-राष्ट्रीय शिक्षा नीति को शिक्षा का निजीकरण और व्यावसायिकरण को बढ़ावा देना नवीन शिक्षा नीति के दोष का कारण हो सकता है।
भाषा की बाधाएँ -
- तकनीकी बाधाएँ
- प्रतिरोध
- पाठ्यक्रम अवधि
- भविष्य में सीखने के अवसर प्रभावित
प्रश्न 30. आचार्य राममूर्ति समिति की प्रमुख दो सिफारिशें बताइए।
उत्तर: आचार्य राममूर्ति समिति की प्रमुख सिफारिशें इस प्रकार हैं -
- शिक्षा के उद्देश्य
- सामान्य स्कूल प्रणाली
- व्यक्तियों के कार्य हेतु सशक्तिकरण
- स्कूली विश्व व कार्य स्थल में संबंध स्थापित करना।
- परीक्षा सुधार
- मातृभाषा को स्थान
- स्त्रियों की शिक्षा
लघु उत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 31. सन् 1813 एवं 1833 के आज्ञापत्र क्या हैं?
उत्तर: 1813 से 20 वर्ष बाद 1833 में ब्रिटिश पार्लियामेंट ने ईस्ट इण्डिया कम्पनी को नया आज्ञा पत्र जारी किया। इस आज्ञा पत्र में कम्पनी का यह उत्तरदायित्व निश्चित किया गया कि उसे अपने द्वारा शासित प्रदेशों में शिक्षा की उचित व्यवस्था करनी चाहिए। आज्ञा पत्र की धारा 43 से भारतीयों को लगा कि इस धारा के जुड़ने के फलस्वरूप उनकी शिक्षा की उचित व्यवस्था हो सकेगी।
प्रश्न 32. यशपाल समिति के सुझाव एवं रिपोर्ट का सारांश लिखिए।
उत्तर: यशपाल समिति के सुझाव एवं रिपोर्ट -
- समिति द्वारा मानव संसाधन विकास मंत्रालय (MHRD) को सौंपी गई अंतिम रिपोर्ट में यह सिफारिश की गई थी कि डीम्ड विश्वविद्यालय में शिक्षा के उद्देश्य के लिए जीआरई जैसी परीक्षा विकसित करने की जरुरत है।
- रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि विश्वविद्यालय शिक्षा के उद्देश्य के लिए जीआरई जैसी परीक्षा विकसित करने की जरूरत है।
- यह भी सिफारिश की गई थी कि यह नया नियामक राजनीतिक दबावों से मुक्त होना चाहिए।
यशपाल समिति-बिना बोझ के सीखना-1993 में, भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय (MHRD) ने स्कूली बच्चों पर अत्यधिक बोझ के मुद्दे पर विचार करने के लिए यशपाल की अध्यक्षता में एक राष्ट्रीय सलाहकार समिति की स्थापना की थी, इस समिति को ही यशपाल समिति कहा गया।
प्रश्न 33. 'ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड की विशेषताओं का उल्लेख कीजिए।
उत्तर: ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड देश के सभी प्राथमिक विद्यालयों को न्यूनतम आवश्यक सुविधाएँ प्रदान करने के लिए (NPE-POA) के अनुसरण में 1986 में ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड शुरू किया गया था। इस योजना का उद्देश्य प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को उनकी शिक्षा की सुविधा के लिए आवश्यक संस्थागत उपकरण और शिक्षण सामग्री प्रदान करना है।
ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड की विशेषताएं-
- शिक्षा का व्यावसायिकरण
- सामान्य शैक्षिक संरचना
- सभी के लिए समान शैक्षिक अवसर
- ऑपरेशन ब्लैकबोर्ड एनपीई 1986 के तहत 1987-88 में शुरू की गई एक शैक्षिक योजना है।
- इस योजना का मुख्य उद्देश्य भारत के प्राथमिक विद्यालयों में मानव और भौतिक संसाधन उपलब्धता को बढ़ाना है।
- यह सभी प्राथमिक स्कूलों के लिए न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की आपूर्ति से संबंधित है, जैसे प्रत्येक कक्षा के लिए कम से कम एक कमरा, दो शिक्षक, लड़कियों और लड़को के लिए अलग-अलग शौचालय, उचित (TLM) आदि।
अतः यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड, राष्ट्रीय शैक्षिक योजना 1986 का परिणाम था।
प्रश्न 34. बेसिक शिक्षा परियोजना का उद्देश्य स्पष्ट कीजिए।
उत्तर: बेसिक शिक्षा परियोजना का उद्देश्य बालकों का समुचित व सर्वांगीण विकास, बुनियादी शिक्षा का प्रमुख उद्देश्य बालकों का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक विकास करना था। गाँधी जी के अनुसार मनुष्य एक मनोशारीरिक प्राणी है अतः उन्होंने सर्वप्रथम बालक के शारीरिक तथा मानसिक विकास पर बल दिया तथा इस कार्यक्रम का उद्देश्य औपचारिक तथा गैर-औपचारिक तरीकों से तथा कार्यात्मक साक्षरता के माध्यम से सन्तोषजनक स्तर तक प्रारम्भिक शिक्षा के सार्विकीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करना है।
प्रश्न 35. सम्पूर्ण साक्षरता अभियान में उत्तरदायी अभिकरण कौन-कौन से हैं?
उत्तर: सम्पूर्ण साक्षरता अभियान में उत्तरदायी अभिकरण निम्न हैं -
- नीति और नियोजन
- विकासात्मक एवं संवर्धनात्मक कार्यकलाप
- स्वैच्छिक एजेंसियों एवं अन्य गैर सरकारी संगठनों को सहायता सहित प्रचालनात्मक कार्य
- प्रौद्योगिकी प्रदर्शन
- नेतृत्व प्रशिक्षण
- मीडिया और सामग्री सहित संसाधन विकास
- अनुसंधान एवं विकास
- निगरानी एवं मूल्यांकन आदि।
प्रश्न 36. कर्जन की शिक्षा नीति का मूल्यांकन संक्षेप में कीजिए।
उत्तर: लार्ड कर्जन की शिक्षा नीति का विश्लेषण एवं व्याख्या-
लार्ड कर्जन की भारतीय शिक्षा के लिए जो मुख्य देन है वह इस प्रकार से लागू किया गया है-
लार्ड कर्जन ने ने कृषि के क्षेत्र में भी काफी सुधार किए और उन्होंने कृषि महाविद्यालयों एवं नैतिक शिक्षा के विवाद को भी हल किया। लार्ड कर्जन उच्च कोटि के विद्वान कुशल प्रशासक थे। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हेतु उन्होने सर्वप्रथम सन् 1901 में शिमला में एक शिक्षा सम्मेलन का आयोजन किया यह सम्मेलन 15 दिन चला और इसकी अध्यक्षता स्वयं लार्ड कर्जन ने की। इसके बाद 1902 में विश्वविद्यालय आयोग का गठन किया। इससे यह स्पष्ट होता है कि लार्ड कर्जन भारतीय शिक्षा में सुधार के लिए कितने इच्छुक थे।
प्रश्न 37. राष्ट्रीय बालश्रम परियोजना कब संचालित हुई? इसके प्रमुख दो लक्ष्य बताइए।
उत्तर: राष्ट्रीय बालश्रम परियोजना 1988 में संचालित हुई। भारत सरकार ने भारत के 12 बाल श्रम स्थानिक जिलों में कामकाजी बच्चों के पुनर्वास के लिए राष्ट्रीय बाल श्रम परियोजना की शुरूआत की वर्तमान में राष्ट्रीय बाल श्रम परियोजना को 21 राज्यों के 314 जिलों में लागू किया जा रहा है।
राष्ट्रीय बाल श्रम परियोजना, योजना के लक्ष्य निम्न हैं
- 14 वर्ष से कम आयु के कामकाजी बच्चे।
- किशोर श्रमिक (18 वर्ष से कम आयु) खतरनाक व्यवसायों में लगे हुए होते हैं।
- लक्षित क्षेत्रों में बाल श्रमिकों के परिवार।
- सर्वशिक्षा अभियान (SSA) के माध्यम से 5-8 वर्ष की आयु में बच्चों को औपचारिक शिक्षा प्रणाली में सीधे मुख्य धारा में लाया जाता है।
- 9 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों का पहले जिला परियोजना समिति द्वारा स्थापित राष्ट्रीय बाल श्रम परियोजना योजना विद्यालय के माध्यम से पुनर्वास किया जाता है और फिर उन्हें औपचारिक शिक्षा से परिचित कराया जाता है।
प्रश्न 38. DPEP क्या है? इसका परिचय दीजिए।
उत्तर: (DPEP) District Primary Education Programe- प्राथमिक शिक्षा प्रणाली को पुनर्जीवित करने और प्राथमिक शिक्षा के सार्वभौमिकरण के उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए एक प्रमुख पहल के रूप में जिला प्राथमिक शिक्षा कार्य (DPEP) की योजना 1994 में शुरू की गई थी जिसका उद्देश्य अधिगम की उपलब्धि में सुधार करने और सामाजिक समूहों के बीच असमानताओं को कम करने के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाना है।
जिला प्राथमिक शिक्षा कार्यक्रम (DPEP) विश्व की सबसे बड़ी शिक्षा परियोजनाओं में से एक है। इसके माध्यम से विकेन्द्रीकृत प्रबंधन भागीदारी प्रक्रियाओं सशक्तिकरण और क्षमता निर्माण के साथ जिला विशिष्ट योजना सभी स्तर पर जोर देकर प्रारम्भिक शिक्षा के सार्वभौमिकरण के लक्ष्य को प्राप्त करना है। (DPEP) केन्द्र सरकार की एक परियोजना है इस परियोजना की लागत का 85% हिस्सा केन्द्र सरकार वहन करती है और बाकी 15% हिस्सा राज्य सरकार देती है। जिसे विश्व बैंक की मदद से पाँच पिछड़े हुए राज्यों जैसे - बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आन्ध्र प्रदेश एवं गुजरात में शुरू किया गया, बाद में इसे अन्य राज्यों में विस्तृत किया गया।
प्रश्न 39. P-MOST क्या है? इसका परिचय दीजिए।
उत्तर: P-MOST स्कूल शिक्षकों के लिए सेवाकालीन शिक्षा कार्यक्रम है। यह शिक्षा की उभरती चिंताओं के प्रति शिक्षकों को संवेदनशील बनाने के लिए वर्ष (1986-90) में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् (NCERT) द्वारा शुरू किया गया।
इसके लिए प्रशिक्षण सामग्री का निर्माण दो भागों में किया गया है-
- प्राथमिक शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण सामग्री।
- माध्यमिक शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण सामग्री।
ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड योजनाओं के अन्तर्गत विद्यालयों को न्यूनतम शिक्षण सामग्री उपलब्ध करा लेने के उपरान्त वर्ष 1990 में विस्तृत अभिविन्यास कार्यक्रम को ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड के साथ जोड़ने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के अनुसार एक नई प्रशिक्षण सामग्री की संरचना की बात कही गई जिसमें ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड के अन्तर्गत उपलब्ध कराई गई सामग्री के समुचित प्रयोग की बात पर बल दिया गया।
P-MOST कार्यक्रम की रूपरेखा निम्न हैं -
- बाल केन्द्रित शिक्षा के आधार पर शैक्षिक गुणवत्ता के प्रोत्साहन पर बल दिया गया।
- P-MOST कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय तथा कक्षाओं को आकर्षक बनाने पर बल दिय गया।
- विद्यालयों को प्रभावी रूप से कार्य करने के लिए भवन अध्यापकों एवं प्रशिक्षण सामग्री के संबंध में स्पष्ट सुविधाओं का उल्लेख किया गया।
- इसके अन्तर्गत विद्यालय तथा कक्षाओं को आकर्षक बनाने पर बल दिया गया।
प्रश्न 40. SOPT का पूरा नाम लिखिए। इसके दो मुख्य उद्देश्य बताएँ।
उत्तर: SOPT (Special Orientation Programming for Primary teacher) SOPT कार्यक्रम मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा वर्ष (1993-94) में अनुस्थापन हेतु चलाई जा रही प्रायोजित योजना थी। इस योजना के अन्तर्गत शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के अतिरिक्त इस योजना के क्रियान्वयन, संगठन प्रबन्ध तथा अनुरीक्षण का उत्तरदायित्व सौंपा गया।
SOPT के उद्देश्य निम्न हैं -
- NCERT सन् 1991 की राष्ट्रीय रिपोर्ट में चर्चित न्यूनतम् अधिगम स्तर की दक्षताओं पर बल देना है।
- अध्यापकों को छात्र-छात्राओं को केन्द्रित अधिगम अपनाने लिए प्रोत्साहित करना।
- कोमल तथा क्रियाकलाप केन्द्रित शिक्षण एवं अधिगम प्रक्रिया में प्रशिक्षण प्रक्रिया को प्रोत्साहित करना।
- ऑपरेशन ब्लैक बोर्ड के अन्तर्गत प्राथमिक विद्यालयों में दी जाने वाली सामग्री का समुचित उपयोग करने की क्षमता का विकास करना।